

रांची: रांची नगर निगम क्षेत्र में अब पानी का कनेक्शन खराब होने पर आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। नगर निगम द्वारा वॉटर कनेक्शन की मरम्मत के लिए लिए जाने वाले फेरूल शुल्क में भारी बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है, जिसके तहत वर्तमान शुल्क 300 रुपये को बढ़ाकर सीधे 1000 रुपये करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नगर निगम बोर्ड की बैठक में सहमति मिलने के बाद इस बढ़े हुए शुल्क को पूरे शहर में लागू कर दिया जाएगा, यानी अब वॉटर कनेक्शन में खराबी आने पर लोगों को मरम्मत शुल्क के रूप में 1000 रुपये जमा करने होंगे।





इसके अलावा निगम में वॉटर कनेक्शन या पाइपलाइन की मरम्मत के लिए सड़क की खुदाई भी फेरूल शुल्क जमा करने के बाद ही संभव हो सकेगी। संबंधित व्यक्ति द्वारा फेरूल शुल्क जमा करने और कनेक्शन की जांच पूरी होने के बाद ही नगर निगम सड़क खुदाई की अनुमति देगा। साथ ही, झिरी स्थित डंपिंग यार्ड में कचरा डंप करने के नियमों में भी बदलाव किया जा रहा है। अब कोई भी आम आदमी, प्रतिष्ठान या संस्था वहां से निकलने वाले कचरे को डंप करने के लिए प्रति ट्रैक्टर 650 रुपये के हिसाब से शुल्क चुकाएगी। विशेषकर शहर में विकास कार्यों, बिल्डिंग निर्माण या सड़क किनारे झिरी में कचरा डंप करने पर निगम इस निर्धारित शुल्क के भुगतान के बाद ही अनुमति प्रदान करेगा।
