केरलम : पलक्कड़ में दो लॉरियों की टक्कर के बाद चालक की जलकर मौत

केरल के पलक्कड़ में दो लॉरियों की भीषण टक्कर के बाद आग लग गई, हादसे में एक चालक की जलकर मौत हुई और दूसरा चालक घायल हो गया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलक्कड़: केरलम के मुंदूर में बृहस्पतिवार को दो लॉरियों की टक्कर के बाद आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जिले के श्रीकृष्णपुरम के अट्टासेरी निवासी नज़रुद्दीन सीपी (45) के रूप में हुई है जो एक लॉरी का चालक था। पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे मुंदूर में कोझिकोड-पलक्कड़ राजमार्ग पर कंजिकुलम सर्विस कोऑपरेटिव बैंक की इमारत के सामने हुआ। उन्होंने बताया कि नज़रुद्दीन लॉरी लेकर मन्नारक्कड़ की ओर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक कंटेनर लॉरी से उनकी टक्कर हो गई।

पुलिस ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद भीषण आग लग गई थी। लोगों ने नज़रुद्दीन को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे उन तक नहीं पहुंच सके। बाद में दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इसके बाद नज़रुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कंटेनर लॉरी का चालक घायल है और फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि दो घंटे से अधिक समय की मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद इस मार्ग पर यातायात फिर से शुरू हो गया। कोंगड़ पुलिस ने कंटेनर लॉरी के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद नज़रुद्दीन का शव उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।