एमवी ओशियन विनर के डूबने के बाद दो चीनी नागरिकों को ओडिशा के पारादीप लाया गया: तटरक्षक बल

बंगाल की खाड़ी में डूबे एमवी ओशियन विनर के दो चीनी नागरिकों को भारतीय तटरक्षक बल ने सुरक्षित बचाया, पारादीप पहुंचाकर उन्हें कंपनी प्रतिनिधियों को सौंपा गया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के जहाज ‘वरद’ ने बंगाल की खाड़ी में करीब एक सप्ताह पहले डूबे पनामा के झंडे वाले एक बड़े मालवाहक जहाज की तलाश और बचाव अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को दो चीनी नागरिकों को सुरक्षित ओडिशा के पारादीप पहुंचाया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। व्यापारिक जहाज एमवी ओशियन विनर में चालक दल के 24 सदस्य सवार थे। इनमें 20 चीनी, तीन म्यांमा के और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे। यह जहाज सिंगापुर जा रहा था और 22 अगस्त को पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर डूब गया।

श्री विजय पुरम स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) ने तत्काल आसपास मौजूद एक वाणिज्यिक जहाज एमटी आइसोपोस का मार्ग बदलकर उसे ‘‘जहाज की तलाश करने और सहायता पहुंचाने’’ के लिए भेजा। उसी रात दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। आईसीजी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘भारतीय तटरक्षक बल के जहाज वरद ने आज दो चीनी नागरिकों- पैन टोंगलाई और चेन जियानहे- को सुरक्षित पारादीप पहुंचाया। दोनों को 22 अगस्त को आपात स्थिति में जान बचाने वाली एक छोटी नाव से बचाया गया था। यात्रा के दौरान जहाज पर ही उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई और अब आव्रजन ब्यूरो तथा स्थानीय पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें अधिकृत कंपनी प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया है।’’

उन्होंने बताया कि लापता चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए समुद्री और हवाई मार्ग से संयुक्त तलाश अभियान जारी है। आईसीजी ने मंगलवार को बताया था कि लापता चालक दल के सदस्यों की तलाश और बचाव अभियान को बीजिंग स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र के साथ समन्वय कर और मजबूत किया जा रहा है। आईसीजी ने 22 अगस्त को तलाश और बचाव अभियान के लिए अपने तीन जहाज तैनात किए थे। आईसीजी के जहाज वरद और अनमोल को बचाव अभियान में लगाया गया था, जबकि विजित को अभियान को और मजबूत करने के लिए श्री विजय पुरम से रवाना किया गया था। प्रवक्ता ने बताया कि एमवी ओशियन विनर का आखिरी ठहराव पारादीप था और उसका अगला गंतव्य सिंगापुर था। अधिकारियों ने पहले बताया था कि यह जहाज ओडिशा से लौह अयस्क लेकर जा रहा था।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।