चतरा : सिमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में पुलिस ने मुकेश गंझू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में चतरा जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, एसपी अनिमेष कुमार नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कासीयातु टोला चोरबोरा गांव में मुकेश गंझू अपने घर में अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ शुभम नागरगोजे के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई। पुलिस टीम जब मुकेश गंझू के घर पहुंची और तलाशी शुरू की, तो वह घर से निकलकर भागने लगा। सशस्त्र बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद घर की तलाशी में एक अवैध देसी बंदूक और चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की गईं। इस मामले में सिमरिया थाना में कांड संख्या 150/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई में सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता समेत थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
अवैध हथियार और चोरी की 4 बाइक के साथ मुकेश गिरफ्तार, भेजा गया जेल
चतरा के सिमरिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुकेश गंझू गिरफ्तार; घर से अवैध देसी बंदूक और चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद, आरोपी भेजा गया जेल।

विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।
