‘रेल जन संवाद-2026’ का आयोजन, डीआरएम ने सुनी यात्रियों की समस्याएं

रांची मंडल के रेलवे स्टेशनों पर 'रेल जन संवाद-2026' का आयोजन किया गया। डीआरएम करुणा निधि सिंह ने खुद यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव लिए।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को ‘रेल जन संवाद-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं और यात्रा संबंधी अनुभवों को समझना था। कार्यक्रम के तहत स्टेशन परिसरों में यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और त्योहारी सीजन की तैयारियों पर यात्रियों से बहुमूल्य प्रतिक्रिया तथा सुझाव प्राप्त किए गए। रांची रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने यात्रियों से सीधे बातचीत की।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने टिकट काउंटर, सामान्य व उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म और शौचालयों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के साथ-साथ ट्रेनों से उतरने और चढ़ने वाले विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों से संवाद किया। यात्रियों को पेयजल, सफाई, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं से जुड़ी अपनी बातें साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक के साथ वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार, मंडल सुरक्षा आयुक्त ए. के. पांडे और वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) एस. सी. महंती सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मंडल के अन्य सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर भी अधिकारियों की उपस्थिति में रेल जन संवाद आयोजित कर यात्रियों की शिकायतों और सुझावों को संकलित किया गया। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों से प्राप्त सुझावों को तीन श्रेणियों में बांटकर उन पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। तत्काल समाधान योग्य मामलों पर तुरंत काम होगा, विभागीय समन्वय से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभागों के पास भेजा जाएगा, जबकि नीतिगत और दीर्घकालिक योजनाओं वाले विषयों को उच्च स्तर पर स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। रांची मंडल का यह प्रयास रेल सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और यात्री-केंद्रित सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।