रांची : शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 22 अक्टूबर को वार्ड संख्या-16, मौजा कोनका के अंतर्गत कर्बला चौक से बहु बाजार मार्ग के समीप सरकारी भूमि और सड़क फ्लैंक पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान बिना किसी अनुमति के संचालित लगभग 14 दुकानों, गुमटियों, अवैध मीट दुकानों, शेड और जर्जर बाउंड्री वॉल जैसी अस्थायी संरचनाओं को हटा दिया गया। जर्जर बाउंड्री वॉल के हटने से सुलभ शौचालय तक आम नागरिकों की पहुंच आसान हो गई है।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इससे पूर्व आम सूचना जारी कर अतिक्रमणकारियों को तीन दिनों के भीतर खुद से कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था, जिसके बाद ही यह नियमानुकूल कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने सख्त चेतावनी दी है कि बिना अनुमति सड़क या सार्वजनिक स्थान पर किसी भी तरह की वेंडिंग, फल-सब्जी बाजार या व्यावसायिक गतिविधि स्वीकार्य नहीं होगी। भविष्य में दोबारा कब्जा करने या यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


