रांची: दुर्गापूजा महोत्सव के समापन के बाद रांची नगर निगम ने शहर के विभिन्न तालाबों और जलाशयों में मूर्ति विसर्जन के तुरंत बाद विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत चिन्हित विसर्जन स्थलों पर लगभग 600 सफाई मित्रों को तैनात किया गया, जिन्होंने तालाबों व घाटों की सफाई की। मूर्तियों के अवशेष निकाले और पूजा सामग्रियों का समुचित निस्तारण किया।

निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जलाशयों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ आगामी छठ महापर्व के लिए श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित घाट उपलब्ध कराना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए शहर के 74 तालाबों के घाटों पर 1200 से अधिक सफाई मित्रों को विशेष रूप से तैनात किया गया है।

दुर्गा पूजा के दौरान नगर निगम ने सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष विसर्जन कुंड और अलग जलकुंड बनाए थे। गहरे पानी में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बांस-बल्लियों और रिबन से घेराबंदी की गई थी ताकि पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित रखा जा सके। विशेष सफाई अभियान के तहत बड़ा तालाब (पूर्वी, पश्चिमी व मध्य भाग), लाइन टैंक तालाब, जेल तालाब, करमटोली तालाब, मछली तालाब, कांके डैम, धुर्वा डैम, स्वर्णरेखा घाट और जगन्नाथपुर तालाब सहित शहर के अन्य प्रमुख जलाशयों से अवशेषों को हटाकर त्वरित निस्तारण किया गया।


