बिना हेलमेट चलने वालों पर सबसे बड़ी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामले में सबसे ज्यादा 24,413 चालान काटे गए। यह कुल चालानों का सबसे बड़ा हिस्सा है। इससे साफ है कि दोपहिया वाहन चालकों के बीच हेलमेट को लेकर लापरवाही एक बड़ी समस्या बनी हुई है।

वहीं, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने के मामले में 7,782 चालान जारी किए गए। तेज रफ्तार से वाहन चलाने पर 1,931 और रेड लाइट का उल्लंघन करने पर 823 चालान काटे गए।
लाइसेंस से लेकर सीट बेल्ट तक, इन गलतियों पर भी कार्रवाई
यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने कई अन्य मामलों में भी कार्रवाई की। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 232, बिना बीमा के 127 और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 116 चालान काटे गए।
इसके अलावा ट्रिपल राइडिंग के 38 और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के 52 मामले सामने आए। इन मामलों में भी ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की।
12 दिनों में करोड़ों का जुर्माना, क्या सबक लेंगे वाहन चालक?
दुर्गा पूजा के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव के बीच नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने यातायात नियमों की अनदेखी की।
10 से 21 अक्टूबर तक जारी चालानों के आंकड़े बताते हैं कि राजधानी में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर अभी भी जागरूकता की जरूरत है। अब सवाल यह है कि भारी जुर्माने और लगातार कार्रवाई के बाद वाहन चालक यातायात नियमों को लेकर कितने सतर्क होते हैं।
आंकड़ों पर एक नजर:
- कुल चालान: 38,290
- कुल जुर्माना: 3,18,39,400 रुपये
- बिना हेलमेट: 24,413 चालान
- नो पार्किंग: 7,782 चालान
- तेज रफ्तार: 1,931 चालान
- रेड लाइट उल्लंघन: 823 चालान
यातायात नियमों का पालन करना केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।


