

रांची: रांची नगर निगम में मेयर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। जिसमें डेढ़ दर्जन एजेंडों पर चर्चा के बाद मंजूरी दे दी गई। जिसमें सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन का रहा। जिसमें ये निर्णय लिया गया कि अब बल्क वेस्ट जनरेटर प्राइवेट गाड़ियों से कचरे का उठाव कर सकेंगे। जिसे निगम के मिनी ट्रांसफर स्टेशन में डम्प किया जाएगा। वहां से कचरा अलग अलग कर झिरी डंपिंग यार्ड भेजा जाएगा।





मेयर ने कहा कि कई जगह से शिकायत मिल रही थी कि रोड पर बिजली का नया पोल तो लगाया जा रहा है लेकिन पुराने पोल को शिफ्ट नहीं किया जा रहा। वहीं स्ट्रीट लाइट भी पुराने पोल पर जल रही है। इससे गाड़ियों के आवागमन में परेशानी हो रही है। इसे लेकर निर्णय लिया गया है कि अब बिजली विभाग पोल लगाने से पहले नगर निगम के साथ कोऑर्डिनेटर करेगा और नया पोल लगाने के बाद पुराने पोल को तत्काल हटाया जाएगा।
बकरी बाजार को अब डेवलप जाएगा। मेयर ने बताया कि नगर निगम बकरी बाजार में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण कराएगा। जिसमें दुकान के साथ गाड़ियों के पार्किंग के भी इंतजाम होंगे। वहीं बकरी बाजार के स्टोर को तत्काल वहां से हटाकर बिरसा मुंडा जेल पार्क के सामने पड़ी जगह पर शिफ्ट किया जाएगा। स्टोर के लिए नगर निगम अन्य जगहों पर भी विचार कर रहा है चूंकि बकरी बाजार से गाड़ियों के आवागमन में भी काफी परेशानी होती है।
टैक्स कलेक्शन खुद करेगा निगम
जबतक नई एजेंसी का सेलेक्शन नहीं होता है तबतक रांची नगर निगम फिलहाल टैक्स कलेक्शन का काम खुद करेगा। इसके लिए 10 टीमों का गठन किया जा रहा है। बोर्ड की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि अब टैक्स कलेक्शन एजेंसी का चुनाव सुडा नहीं करेगा। नगर निगम ही टैक्स कलेक्शन के लिए एजेंसी को फाइनल करेगा।
रिपेयरिंग टीम के लिए खरीदी जाएगी गाड़ियां
चापाकल और फटे पाइपलाइन दुरुस्त करने के लिए टीम तुरंत पहुंचेगी। इसके लिए 5 टाटा एस गाड़ियां खरीदी जाएगी। ये गाड़ियां निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों में तैनात रहेंगी। इन कार्यालयों में लोगों को टैक्स जमा, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के छोटी छोटी समस्याएं निपटाने जैसी सुविधाएं मिलेगी। रेन वाटर हार्वेस्टिंग की मॉनिटरिंग करने के साथ इसे बढ़ाने का काम निगम की टीम करेगी।
