रांची: राज्यसभा सांसद सह भाजपा राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने टाटीसिलवे में आयोजित रावण दहन समारोह के दौरान कहा कि आज के कलयुग में समाज को स्वयं भगवान राम बनकर ‘दिमागी नक्सल’ रूपी आधुनिक रावण का वध करना होगा। दशहरा समिति द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में उन्होंने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य की विजय का शाश्वत प्रतीक है और असत्य कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, वह सत्य के आगे कभी नहीं टिक सकता।

यूरोप के वर्तमान हालातों का जिक्र करते हुए उन्होंने भारतीय समाज की विशेषता बताई कि यहां लोग प्रशासनिक मदद का इंतजार करने के बजाय बुरी ताकतों का कड़ा प्रतिरोध खुद करते हैं, यही कारण है कि कोई भी असुरी शक्ति भारत को कभी नुकसान नहीं पहुँचा सकती।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाल किले से उल्लेखित ‘दिमागी नक्सल’ को आज के समय की नई असुरी शक्ति बताते हुए उन्होंने जनता को आगाह किया कि अमृत काल की इन नई चुनौतियों से निपटने के लिए समाज को पूरी तरह संकल्पवान होना पड़ेगा। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष शंकर प्रसाद साहू, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, जैलेंद्र कुमार सहित हजारों की संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


