लातेहार: बालूमाथ प्रखंड के मासियातू गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवतियों समेत चार लोग घायल हो गए। हादसा बालूमाथ-मासियातू मार्ग पर हुआ। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने उनका इलाज किया।
सेरक जतरा देखने जा रही थीं तीन युवतियां
मिली जानकारी के अनुसार, बरियातू प्रखंड के लाटू गांव निवासी लांबिया कुमारी (18), प्रीति कुमारी और सुवंती कुमारी अपने दोस्तों के साथ एक बाइक पर सवार होकर सेरक जतरा देखने जा रही थीं। इसी दौरान मासियातू गांव के समीप उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।

मेला देखकर घर लौट रहा था दूसरा बाइक सवार
दूसरी बाइक पर बालूमाथ थाना क्षेत्र के ओल्हेपाठ गांव निवासी सुनील उरांव सवार था। वह मेला देखकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।


