- कुरमाली भाषा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजाराम महतो ने राज्य के सर्वांगीण विकास, शांति, सद्भाव और सुशासन पर दिया जोर
रांची: विजयादशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर कुरमाली भाषा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सरदार पटेल स्मृति समिति के अध्यक्ष डॉ. राजाराम महतो ने झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने इस पावन पर्व के अवसर पर झारखंड की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की.

डॉ. राजाराम महतो ने अपने शुभकामना संदेश में आशा व्यक्त की कि विजयादशमी का पर्व झारखंड में सदाचार, सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक बदलाव की नई ऊर्जा का संचार करेगा. उन्होंने कामना की कि राज्य भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन, बेहतर सुशासन और विकासोन्मुख नीतियों के साथ निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े.
उन्होंने कहा कि विजयादशमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सत्य की असत्य पर, न्याय की अन्याय पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है. यह पर्व समाज को अन्याय, अनैतिकता और बुराइयों के विरुद्ध खड़े होने तथा ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.
डॉ. महतो ने उम्मीद जताई कि झारखंड में विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा जनकल्याण के क्षेत्रों में निरंतर सकारात्मक प्रगति हो. उन्होंने राज्य में आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत बनाने पर भी बल दिया.
उन्होंने कहा कि एक सशक्त, समृद्ध और विकसित झारखंड के निर्माण के लिए जनभागीदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देना आवश्यक है. विजयादशमी का संदेश हमें बुराइयों को त्यागकर सत्य, न्याय और जनहित के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.
अंत में डॉ. राजाराम महतो ने महामहिम राज्यपाल सहित समस्त झारखंडवासियों के सुखमय जीवन, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.


