रांची: झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के पास एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला करने और उसके भागने पर पीछे से गोली चलाने का आरोप लगा है। घटना 20 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच की बतायी जा रही है। मामले में सेल सिटी, जोहार नगर, न्यू पुंदाग निवासी 20 वर्षीय रोहन राज ने धुर्वा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी का दरवाजा नहीं खोलने पर हमले का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, रोहन राज स्मार्ट सिटी की ओर से लौट रहा था। इसी दौरान कार से उतरे तीन युवकों ने उसकी गाड़ी को आगे से रोक लिया। शिकायत में एक युवक की पहचान सेल सिटी के हनुमान नगर निवासी प्रियांशु पांडे के रूप में बतायी गयी है।

रोहन का आरोप है कि गाड़ी का दरवाजा नहीं खोलने पर युवकों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान वाहन को भी क्षतिग्रस्त करने की बात कही गयी है।
भागकर बचायी जान, पीछे से गोली चलाने का दावा
पीड़ित के मुताबिक, हमले के दौरान वह किसी तरह मौके से भाग निकला और अपनी जान बचायी। आरोप है कि उसके भागने के बाद हमलावरों ने पीछे से फायरिंग की।
रोहन ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपियों के साथ पहले भी कहासुनी हुई थी और उसे जान से मारने की धमकी दी गयी थी।


