

नई दिल्ली: झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के U-17 जूनियर गर्ल्स वर्ग का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। नई दिल्ली के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला की टीम ने NCC की प्रतिनिधि टीम स्प्रिंगफील्ड एच.एस. स्कूल, आइजोल को 2-0 से हराया।





फाइनल में सुनैना टुड्डू ने 21वें मिनट में गोल कर झारखंड को बढ़त दिलाई। इसके बाद मनीषा डुंग ने 42वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम की जीत लगभग पक्की कर दी। झारखंड की खिलाड़ियों ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए अंत तक विरोधी टीम को कोई गोल नहीं करने दिया। टीम की कप्तानी वीणा कुमारी ने की, जबकि मैनेजर बिंदु कुजूर और कोच बीना केरकेट्टा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। खुशबू कुमारी को गोल्डन ग्लव्स पुरस्कार के साथ ₹50,000 की पुरस्कार राशि मिली, जबकि कोच बीना केरकेट्टा को सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार दिया गया। विजेता झारखंड टीम को ₹5 लाख की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
इस शानदार जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित झारखंड के शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। झारखंड की बेटियों की इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे राज्य का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
