

तिरुनेलवेली (तमिलनाडु) : मरुमलारची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) महासचिव वाइको ने सोमवार को तमिलनाडु की सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार को सौ में से 80 प्रतिशत अंक दिए और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में “भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन” को इसकी उपलब्धि बताया। वाइको ने मीडिया से बातचीत में सरकार की “व्यवस्थित भ्रष्टाचार के उन्मूलन” को एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, “मैं 80 प्रतिशत अंक देता हूं। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के अलावा आपको किसी सरकार से और क्या चाहिए?” उन्होंने दावा किया कि जमीन पंजीकरण और मकान निर्माण जैसी बुनियादी सेवाओं के लिए भारी कमीशन देने की जरूरत खत्म हो गई है। वाइको ने कहा कि संस्थागत भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई एक बड़ी चुनौती है, खासकर ऐसे वरिष्ठ अधिकारियों से निपटना ‘‘जो सहयोग नहीं करते।’’





वाइको ने लोकसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा, “यह लोकतंत्र और संघवाद की जड़ पर प्रहार करेगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर संसद को कमजोर करने की कोशिश करने और भविष्य में राष्ट्रपति शासन का रास्ता खोलने का आरोप लगाया। वाइको ने केंद्र सरकार पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना को लेकर कर्नाटक के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि बांध बनने से तमिलनाडु की स्थिति इथियोपिया जैसी हो सकती है। उन्होंने राज्य के कृषि हितों की रक्षा के लिए व्यापक जन आंदोलन का आह्वान किया।
राज्य के एक विभाग की नीति संबंधी टिप्पणी में पेरियार, बी.आर. आंबेडकर और पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम शामिल नहीं किए जाने पर वाइको ने इसे “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” बताया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अपनी राजनीतिक स्थिति दोहराते हुए वाइको ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदार बने रहेंगे और किसी अन्य विकल्प की संभावना से इनकार किया। उन्होंने कहा, “किसी अन्य विकल्प की कोई संभावना नहीं है।” उन्होंने गठबंधन दलों के मंत्रियों से सार्वजनिक बयान देते समय विरोधाभासी या लापरवाह टिप्पणियों से बचने की सलाह दी।
नेपाल में हालिया प्राकृतिक आपदा पर दुख जताते हुए वाइको ने अधिकारियों से बचाव अभियान तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के करीब 200 लोगों के बारे में अब भी जानकारी नहीं मिलना चिंताजनक है।
