


रांची: लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्री पूरा किराया देते हैं, लेकिन सफर के दौरान मिलने वाली बुनियादी सुविधाएं अक्सर सवालों के घेरे में आ जाती हैं। रांची रेल मंडल से होकर गुजरने वाली धनबाद-एलेप्पी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13351) में भी यात्रियों को ऐसी ही परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के थर्ड एसी कोच वी-1 में शौचालय का दरवाजा खराब होने से यात्रियों की मुश्किल बढ़ गई। शौचालय का लॉक जाम था और दरवाजा अंदर से आसानी से नहीं खुल रहा था। इसके चलते कई यात्री अंदर फंस गए। कुछ यात्रियों को करीब आधे घंटे तक शौचालय के अंदर रहना पड़ा। बाद में बाहर मौजूद यात्रियों और टीटीई की मदद से दरवाजा खुलवाया गया और उन्हें बाहर निकाला गया।





यात्रियों के अनुसार, दरवाजा काफी पुराना था और उसमें जंग भी लग चुकी थी। इसी वजह से शौचालय का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को बार-बार परेशानी हो रही थी। हालात को देखते हुए शाम करीब चार बजे के बाद शौचालय के दरवाजे को रस्सी से बांध दिया गया, ताकि वह दोबारा लॉक न हो और कोई यात्री अंदर न फंसे।
साफ-सफाई को लेकर भी शिकायत
यात्रियों ने कोच की साफ-सफाई को लेकर भी नाराजगी जताई। थर्ड एसी कोच में गंदे तकिया कवर और दुर्गंध की शिकायत सामने आई। यात्रियों का कहना है कि लंबी दूरी के सफर में साफ-सफाई के साथ-साथ सुरक्षित और ठीक हालत में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं बेहद जरूरी हैं। धनबाद-एलेप्पी एक्सप्रेस में सामने आई इन समस्याओं ने रेलवे की यात्री सुविधाओं और उनके रखरखाव की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में ऐसी लापरवाही से उन्हें सफर के दौरान अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।
