


जमशेदपुर : मानगो के आजादनगर थाना अंतर्गत रोड नंबर 16 स्थित मुस्कान रेसिडेंसी के गार्ड उमाकांत महतो के साथ मंगलवार को छिनतई की घटना सामने आई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि उमाकांत महतो, जो करीब 15 वर्षों से गार्ड का काम कर रहे हैं, मुस्कान रेसिडेंसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान गली का फायदा उठाकर स्कूटी सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।





आरोप है कि दोनों युवकों ने उन्हें बालू में पटक दिया और हाथ मोड़कर पॉकेट से करीब ₹1,500 नकद और जरूरी दस्तावेज निकाल लिए। घटना के दौरान उनका पैंट भी फट गया। घटना की सूचना मिलते ही टाइगर मोबाइल के जवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद उमाकांत महतो शिकायत दर्ज कराने आजादनगर थाना पहुंचे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नेचर पार्क के आसपास सुरक्षा और नशाखोरी को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि पार्क के आसपास अक्सर युवकों के नशा करने की शिकायतें सामने आती हैं और ऐसे सुनसान इलाकों में पुलिस गश्ती बढ़ाने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर है कि पुलिस आरोपियों तक कब पहुंचती है।
