


रांची: रांची में आगामी चेंबर चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। विभिन्न टीमों के उम्मीदवार और समर्थक अपने पक्ष में मतदान की अपील को लेकर लगातार व्यापारियों और मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में टीम पी-21 ने अग्रवाल सभा में एक विशेष बैठक आयोजित कर अपने प्रत्याशियों का परिचय कराया और अपना विजन साझा किया। टीम के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन जालान ने कहा कि चेंबर व्यापारियों की आवाज उठाने वाला एक मजबूत संगठन है और इसमें ऐसे प्रतिनिधियों को चुनकर आना चाहिए जो व्यावसायिक समुदाय की प्राथमिकताओं को प्रमुखता से उठा सकें।





दूसरी ओर टीम तुलसी पटेल ने भी शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया है। टीम के सदस्यों ने लेक रोड, जैन मंदिर रोड, रंगलाल स्ट्रीट, ईस्ट-वेस्ट मार्केट, और कोर्ट सराय रोड में पदयात्रा की और दुकानदारों से सीधा संवाद स्थापित किया। इसके साथ ही टीम मुकेश अग्रवाल ने अपर बाजार क्षेत्र में अपनी पदयात्रा निकालकर चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत लगा दी है। उन्होंने जालान रोड, जेजे रोड, नाई मोहल्ला, कपड़ा पट्टी और श्रद्धानंद रोड में व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अपनी प्राथमिकताओं से उन्हें अवगत कराया।
