पुलिस के अनुसार, इस दौरान करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। अभियान में नशीले पदार्थों के साथ अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।

133 किलो से ज्यादा गांजा और ब्राउन शुगर बरामद
पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी एहतशाम वकारिब के अनुसार, अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 133.9 किलो गांजा और 108.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है।
इसके अलावा कार्रवाई के दौरान 10 देसी पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और उनके अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।
अपराधियों और हथियार रखने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, जिले में सिर्फ नशे के कारोबारियों पर ही नहीं, बल्कि अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अलग-अलग इलाकों में की गई कार्रवाई के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस ने नजर रखी और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
787 संदिग्धों को PR बॉन्ड पर छोड़ा गया
एसएसपी ने बताया कि इसी अवधि में असामाजिक गतिविधियों में संदिग्ध भूमिका वाले 787 लोगों को PR बॉन्ड पर छोड़ा गया। पुलिस का कहना है कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए यह कार्रवाई भी विशेष अभियान का हिस्सा है।
जुलाई में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
पूर्वी सिंहभूम पुलिस इससे पहले जुलाई में भी नशीले पदार्थों के कारोबार और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चला चुकी है। उस कार्रवाई में भी बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए गए थे और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
लगातार हो रही कार्रवाई के बीच पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


