


रांची: महिला पर्यवेक्षिका भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राधा गोविंद यूनिवर्सिटी (RGU) में नए दाखिलों पर रोक लगा दी है। विभाग ने विश्वविद्यालय द्वारा जारी 33 छात्राओं की डिग्री के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी है। री-ऑडिट रिपोर्ट में सामने आई भारी गड़बड़ियों के बाद सरकार ने यह सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालय में नए कोर्स चलाने, उनके शुल्क और नियमावली की समीक्षा पूरी नहीं हो जाती, तब तक नए दाखिलों पर पूरी तरह रोक रहेगी। परीक्षा में फर्जीवाड़ा कर पास हुई 33 छात्राओं और पीएचडी की उपाधि हासिल करने वाले गौतम कुमार की डिग्री पर रोक लगा दी गई है।





उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालय की वित्तीय व शैक्षणिक स्थिति की जांच के लिए 15 दिनों के भीतर एक विशेष कमेटी गठित कर नई ऑडिट रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। फंड के इस्तेमाल और वित्तीय प्रबंधन की पड़ताल के लिए 30 दिनों के भीतर विशेष ऑडिट कराया जाएगा।यूनिवर्सिटी में वित्तीय एवं शैक्षणिक कुप्रबंधन, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में अनियमिताएं और बिना मान्यता के कोर्स संचालित करने जैसी कई गंभीर खामियां सामने आई थीं। हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अपने बचाव में कहा है कि उन्होंने जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग किया है और किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है। फिलहाल, विभाग की इस कार्रवाई से संस्थान के भविष्य और शैक्षणिक संचालन पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
