रांची : रांची में गणेश पूजा उत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी सिलसिले में श्री गणेश पूजा रांची महानगर जिला महासमिति का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात करने पहुंचा। महासमिति के अध्यक्ष नंद किशोर सिंह चंदेल के नेतृत्व में विभिन्न गणेश पूजा समितियों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया तथा उन्हें शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में आने का सादर आमंत्रण दिया।

बैठक के दौरान महानगर और जिला अध्यक्ष नंद किशोर सिंह चंदेल ने उपायुक्त एवं एसएसपी से पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, सफाई, पूजा आयोजनों और विसर्जन शोभायात्रा के सुगम संचालन पर विस्तृत चर्चा की। उपायुक्त के सकारात्मक और व्यवहार कुशल रुख से सभी पूजा समितियों के प्रतिनिधि काफी संतुष्ट नजर आए और उन्होंने उनका आभार व्यक्त किया। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी त्यौहार के दौरान सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम रहने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर महासमिति के अध्यक्ष नंद किशोर सिंह चंदेल सहित सभी पूजा पंडालों के पदाधिकारियों ने एक स्वर में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजधानी रांची में जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और उनका समाधान करने वाले कुशल अधिकारियों की नियुक्ति की है। इसके अलावा, इस महत्वपूर्ण बैठक के आयोजन में अहम भूमिका निभाने के लिए राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी और शांति समिति के सागर कुमार को भी विशेष धन्यवाद दिया गया। बैठक में महानगर जिला अध्यक्ष नंद किशोर सिंह चंदेल के साथ सागर कुमार, विनय सिंह, संदीप मुखर्जी, सूरजभान सिंह, रॉनित सिंह, बिट्टू सिंह, पंकज, मोनू शर्मा, शीला उरॉंव, अर्चना मिर्धा, रानी, रूबी देवी, राहुल सिंह, नितेश, आयुष कुमार, आरुष, रिंकी सहित शहर की विभिन्न गणेश पूजा समितियों के कई अध्यक्ष और पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


