रांची : राजधानी में पहाड़ी मंदिर के समीप स्थित दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में शुक्रवार को भादों कृष्णपक्ष अमावस्या तिथि के पावन उपलक्ष्य पर तिरूमञ्जन महानुष्ठान ( महाभिषेक) का आयोजन श्रद्धा-भक्ति और पाञ्चरात्र आगम विधि से संपन्न हुआ ।

मंदिर के अर्चक सत्यनारायण गौतम, गोपेश आचार्य और नारायण दास ने प्रातः 4:30 बजे ब्रह्ममुहूर्त में पारब्रह्म परमेश्वर श्रीश्रीनिवास दंपति का दूध, दधि, हल्दी चंदन, शहद, गंगाजल और डाभयुक्त जल से मार्जन पूर्वक महाभिषेक कराया।
इसके पहले विश्वरूप दर्शन, सुप्रभातम्, मंगलाशासनम् और करावलंबम् आदि के बाद पाञ्चरात्र आगम विधि से तिरुवाराधनम् किया।इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
लोगों ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही ग्रहों की शांति और पितृदोष निवारण के लिए भगवान वेंकटेश्वर की अर्चना करायी।


