डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब पूर्वी और मध्य भारत में साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। कुछ इलाकों में 4.5 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, तेलंगाना, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों के कई हिस्सों में 2.5 से 4.5 इंच तक बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
रांची में सितंबर का कोटा पूरा होने के लिए सिर्फ 71 मिमी बाकी
इस मॉनसून सीजन में रांची में बारिश 1000 मिमी के आंकड़े को पार कर चुकी है। मौसम केंद्र, रांची के 11 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी में 1 जून से अब तक 1043.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 910.1 मिमी होती है। यानी रांची में सामान्य से 132.9 मिमी ज्यादा बारिश हो चुकी है। राज्य के 24 जिलों में रांची उन जिलों में शामिल है, जहां मॉनसून की बारिश सामान्य से अधिक दर्ज हुई है। सितंबर में भी बारिश सामान्य आंकड़े के करीब पहुंच गई है। पूरे सितंबर में सामान्य बारिश 212 मिमी है, जबकि महीने के 11 दिनों में ही करीब 141 मिमी बारिश हो चुकी है। यानी सितंबर के सामान्य कोटे का लगभग 66 प्रतिशत पानी बरस चुका है। अब सितंबर का सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा होने में सिर्फ 71 मिमी बारिश की जरूरत है। 17 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए उम्मीद है कि यह आंकड़ा भी पूरा हो जाएगा।

