रांची: दिल की बीमारियों से बचाव और बेहतर इलाज को लेकर रांची में देशभर के विशेषज्ञ जुटने जा रहे हैं। कार्डियोलॉजिकल सोसायटी ऑफ इंडिया (CSI), झारखंड चैप्टर की ओर से 13 सितंबर को होटल BNR चाणक्य में ‘Prevent Heart Summit 2026’ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन की थीम ‘Preventive & Clinical Cardiology: Bridging Prevention with Better Patient Care’ रखी गई है।
इस CME का मुख्य उद्देश्य हृदय रोगों की रोकथाम, जोखिम वाले कारकों की समय रहते पहचान और आधुनिक इलाज की पद्धतियों से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों को अपडेट करना है। सम्मेलन में कोरोनरी आर्टरी डिजीज, हार्ट फेल्योर और एरिदमिया समेत कई हृदय रोगों के बेहतर प्रबंधन और उनसे बचाव पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में कोलकाता, पटना, भुवनेश्वर, लखनऊ और जयपुर समेत देश के अलग-अलग शहरों से वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ और राष्ट्रीय फैकल्टी शामिल होंगे। विशेषज्ञ अपने चिकित्सकीय अनुभव के साथ नवीनतम शोध और उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
आयोजकों के मुताबिक यह CME चिकित्सा जगत के लिए ज्ञान के आदान-प्रदान और विशेषज्ञों के अनुभव साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा। सम्मेलन के जरिए हृदय रोगों से बचाव, बेहतर उपचार और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।

