कर्नाटक: भाजपा के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा, शांतिपूर्वक मनाया जाएगा गणेशोत्सव

कर्नाटक में गणेशोत्सव पर रोक नहीं, शिवकुमार ने शांतिपूर्ण आयोजन का भरोसा दिया; भाजपा के प्रतिबंध के आरोपों के बीच मैसूरु पुलिस ने पारंपरिक शोभायात्रा मार्गों पर कोई रोक न होने की बात कही।

Neeral Prakash
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने रविवार को कहा कि राज्य में गणेशोत्सव शांतिपूर्वक मनाया जाएगा और उनकी सरकार उत्सव पर कोई रोक नहीं लगाएगी। इससे पहले, भाजपा ने आरोप लगाया था कि पुलिस शोभायात्राओं पर प्रतिबंध लगा रही है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने कांग्रेस सरकार पर गणेशोत्सव मनाने को लेकर लोगों को “परेशान” करने और पुलिस पर शोभायात्राओं पर प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया था। शिवकुमार ने यहां पत्रकारों से कहा, “अब हमें गणेशोत्सव बहुत शांतिपूर्वक मनाना है। किसी भी क्रियाकलाप के दौरान ऊपर लगे खंभों, तार का ध्यान रखना होगा। अनुशासन दिखाना होगा। सभी दस्तावेज दुरुस्त रखने होंगे। प्रक्रिया का पालन करना होगा।”

उन्होंने कहा, “ अशांति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। हमें यह भी पता है कि एक बड़ी साजिश रची जा रही है। इसलिए हमने अपनी पुलिस को सतर्क रहने के लिए कहा है। हम किसी को धमकी नहीं दे रहे।” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा, “भाजपा असामाजिक तत्वों का कुछ ज्यादा इस्तेमाल कर रही है। हमें इसकी भी पूरी जानकारी है। उन्हें जो करना है, करने दें।”
अशोक ने आरोप लगाया कि टी. नरसीपुरा में पुलिस के एक अधिकारी ने श्रद्धालुओं से कहा है कि वे मस्जिदों के सामने से शोभायात्रा न निकालें, पटाखे न फोड़ें और नाचें नहीं।

उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की। अशोक ने कहा, ‘‘अगर हिंदुओं से कहा जा रहा है कि वे अपने ही देश में खुले तौर पर और श्रद्धापूर्वक गणेशोत्सव नहीं मना सकते, तो हम इस सरकार से क्या कहें? पटाखे मत फोड़ो, शंख मत बजाओ, बोलो मत- यह कैसा न्याय है?’’ अशोक ने दावा किया कि इसी तरह के प्रतिबंध मद्दूर और कोलार समेत कई जगहों पर लगाए गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि मस्जिदों के पास गणेश शोभायात्रा को लेकर आपत्ति क्यों होती है।
अशोक ने कहा, “पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की उम्मीद की जाती है। अगर वह सुरक्षा देने में सक्षम हैं, तो सुरक्षा देना उनका काम है।”
नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, आयोजकों को मूर्तियां स्थापित करने और शोभायात्रा निकालने के लिए कई विभागों और कार्यालयों से अनुमति लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, “चार जगह, पांच जगह अनुमति लेनी पड़ती है। फिर भ्रष्टाचार और परेशान किया जाना शुरू हो जाता है।” अशोक ने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न के बावजूद गणेशोत्सव का आयोजन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “गणपति उत्सव हमारी हर रक्त कोशिका में है। कांग्रेस सरकार चाहे जितना परेशान करे, हम गणपति उत्सव मनाएंगे।”

हालांकि, शिवकुमार ने कहा कि यह त्योहार किसी एक राजनीतिक पार्टी का नहीं है। उन्होंने कहा, “गणेश किसी की संपत्ति नहीं हैं। वह भाजपा की संपत्ति नहीं है। वह सभी के हैं।” उन्होंने कहा कि सरकार ने त्योहार के लिए छुट्टी दी है और इसके आयोजन को प्रोत्साहित कर रही है। इस बीच, मैसूरु के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मल्लिकार्जुन बालदंडी ने कहा कि टी. नरसीपुरा में गणेश शोभायात्राों के पारंपरिक रास्तों पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
बालदंडी ने कहा, “पिछले साल गणेश शोभायात्रा जहां से गए थे और जिन रास्तों से गए थे, इस साल उन्हीं रास्तों पर जाने पर किसी भी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं है।” एसपी ने कहा कि पुलिस ने त्योहार की तैयारियों के तहत सभी थानों को शांति बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने आयोजकों से सुरक्षा व्यवस्था को आसान बनाने के लिए मूर्तियों की स्थापना की जगह, शोभायात्रा और विसर्जन की तारीखों तथा रास्तों की जानकारी देने को कहा है। उन्होंने कहा, “पिछले साल जहां गए थे, वहां इस साल भी जाने में कोई समस्या नहीं है। कोई प्रतिबंध नहीं है। हम इस साल कोई नई व्यवस्था लागू नहीं कर रहे।”
बालदंडी ने कहा कि यह मामला तब सामने आया, जब पिछले साल एक आयोजक ने पुलिस को सूचना दिए बिना और सुरक्षा व्यवस्था की मांग किए बिना मूर्ति की शोभायात्रा निकाली थी।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।