नयी दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दीं और कहा कि यह त्योहार हमें नए संकल्पों के साथ प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, समृद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं।
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, “गणेश चतुर्थी का त्योहार हमारे जीवन में ऊर्जा, ज्ञान और सकारात्मकता लेकर आता है। यह पावन पर्व हमें जीवन में नए संकल्पों के साथ प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।’’
उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान गणेश सभी के जीवन में खुशी, शांति, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आएं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘आइए, हम सभी राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लें।’’

