सिनेमा प्रेमियों के लिए सितंबर 2026 का महीना खास होने वाला है. ‘दायरा और वाइब’ दो अलग-अलग जॉनर की फिल्में 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं. एक ओर जहां ‘दायरा’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी लेकर आ रही है, वहीं ‘वाइब’ रोमांटिक एक्शन कॉमेडी के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करेगी.
प्रीति जिंटा की वाइब में दिखेगा नया अंदाज
‘वाइब’ में प्रीति जी. जिंटा, कुणाल खेमू, स्पर्श श्रीवास्तव, वंशिका धीर, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, यशपाल शर्मा और सलेम काली प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की कहानी एक ऐसे बेपरवाह युवक और नियम-कायदे से चलने वाले उसके सबसे अच्छे दोस्त के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके हाथ अचानक देश का भविष्य पहुंच जाता है.
आतंकवादी साजिश में फंसेंगे दो दोस्त
फिल्म की कहानी में दोनों दोस्तों को अनजाने में एक आतंकवादी साजिश के बारे में पता चल जाता है. इसके बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है और वे खुद को एक ऐसे मिशन के बीच पाते हैं, जहां देश की सुरक्षा दांव पर लगी है. रोमांस, एक्शन और कॉमेडी के मेल से फिल्म को मनोरंजक बनाने की कोशिश की गई है.
कुणाल खेमू ने संभाली कहानी और निर्देशन
‘वाइब’ का लेखन और निर्देशन कुणाल खेमू ने किया है. फिल्म का निर्माण भी कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने किया है, जबकि Amazon MGM Studios India इसे प्रस्तुत कर रहा है. कुणाल खेमू के निर्देशन में यह प्रोजेक्ट एक अलग तरह की कहानी पेश करने की कोशिश करता नजर आएगा.
करीना और पृथवी की दायरा भी तैयार
वहीं ‘दायरा ’ में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार कर रही हैं. सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म हिंदी और मलयालम दोनों भाषाओं में 18 सितंबर को रिलीज होगी.
तलवार और राजी के बाद तीसरी साझेदारी
‘दायरा’ मेघना गुलजार और जंगली पिक्चर्स की तीसरी साझेदारी है. इससे पहले दोनों ‘तलवार’ और ‘राजी’ जैसी फिल्मों के लिए साथ काम कर चुके हैं. फिल्म का निर्माण जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियो ने किया है. अब 18 सितंबर को देखना दिलचस्प होगा कि ‘दायरा ’ और ‘वाइब’ में से दर्शकों का दिल कौन जीतता है.

