रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म के पहले पार्ट की रिलीज से पहले ही इसके अगले हिस्सों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच रणबीर कपूर ने एक इंटरव्यू के दौरान कुछ ऐसा कह दिया, जिसने फिल्म के तीसरे पार्ट की संभावनाओं को लेकर फैंस के मन में सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिनेता के बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा होने लगी है कि क्या मेकर्स भविष्य में रामायण का तीसरा भाग भी बना सकते हैं?

रणबीर ने कहा- पार्ट थ्री, अगर ऐसा कुछ हुआ तो
हाल ही में एक बातचीत के दौरान रणबीर ने बताया कि वह फिल्म के दूसरे पार्ट का लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब दूसरा या तीसरा पार्ट पूरा होगा, अगर ऐसा कोई तीसरा पार्ट बनता है तो… अभिनेता के इस बयान में ‘पार्ट थ्री’ का जिक्र सामने आते ही दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई।

दूसरे पार्ट की शूटिंग में व्यस्त हैं रणबीर
रणबीर ने बातचीत में यह भी बताया कि फिल्म के दूसरे हिस्से की शूटिंग चल रही है और उसका काफी काम पूरा हो चुका है। इससे साफ है कि फिलहाल मेकर्स का मुख्य ध्यान फिल्म के पहले और दूसरे पार्ट पर है। हालांकि, अभिनेता के बयान से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि भविष्य में कहानी को आगे बढ़ाने की संभावना पर पूरी तरह विराम नहीं लगाया गया है।
पहले तीन हिस्सों में बननी थी रामायण
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा पहले बता चुके हैं कि शुरुआत में इस महाकाव्य को तीन हिस्सों में बनाने पर विचार किया गया था। हालांकि, बाद में कहानी को दो भागों में पेश करने का फैसला लिया गया। यह निर्णय फिल्म की कहानी और उसके सिनेमाई विस्तार को ध्यान में रखकर लिया गया था।
दर्शकों के रिस्पॉन्स पर निर्भर कर सकता है फैसला
निर्माता की ओर से पहले यह संकेत भी दिया गया था कि दर्शकों की प्रतिक्रिया के आधार पर भविष्य में योजनाओं पर दोबारा विचार किया जा सकता है। ऐसे में रणबीर का बयान फैंस के लिए उत्सुकता बढ़ाने वाला जरूर है, लेकिन अभी रामायण के तीसरे पार्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।


