असम : पत्नी की हत्या कर सिर काटने के आरोपी की पुलिस वाहन से कूदने के बाद मौत

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुवाहाटी : असम के गुवाहाटी में पत्नी की हत्या कर उसका सिर काटने के आरोपी की सोमवार तड़के अस्पताल ले जाते समय पुलिस वाहन से कूदने के बाद सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रामानुज गोस्वामी को स्थानीय थाने से गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस वाहन से छलांग लगा दी।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘वह पहाड़ी इलाके से नीचे गिर गया और उसका सिर किसी कठोर वस्तु से टकरा गया। उसे जीएमसीएच ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।’’ जीएमसीएच के अधीक्षक देवजीत चौधरी ने कहा कि पुलिस रामानुज गोस्वामी को सोमवार सुबह 3.41 बजे अस्पताल लेकर आई थी। उन्होंने कहा, ‘‘उसे मृत अवस्था में लाया गया था। मौत के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।’’ उन्होंने बताया कि शव पर गोली लगने के कोई निशान नहीं थे।

रामानुज गोस्वामी ने पिछले सप्ताह आत्मसमर्पण कर अपनी पत्नी रिया तालुकदार की हत्या करने की बात कबूल की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी ने कथित रूप से पत्नी के विवाहेतर संबंध को लेकर गुस्से में उसकी हत्या करने की बात कही थी। पत्नी का कटा हुआ सिर एक पॉलीथिन बैग में फ्रिज के अंदर रखा हुआ मिला था। दोनों की शादी को एक साल से भी कम समय हुआ था। गोस्वामी धुबरी जिले का रहने वाला था, जबकि तालुकदार गुवाहाटी की मूल निवासी थी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।