धनबाद में सीआइएसएफ का बड़ा अभियान, 15 ठिकानों पर छापेमारी

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : अवैध कोयला खनन, चोरी, भंडारण और परिवहन के खिलाफ सीआइएसएफ ने धनबाद कोयलांचल में विशेष अभियान चलाया। “जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी” के तहत बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी, ड्रोन निगरानी और वाहन जांच की गई। सीआइएसएफ के अनुसार अभियान के दौरान 15 संवेदनशील स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 2.42 टन अवैध कोयला, सात बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और दो साइकिल बरामद की गईं।

सीआइएसएफ के मुताबिक आशाकाठी के 7A पैच माइन में सुबह करीब छह बजे छापेमारी के दौरान सात बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और करीब 300 किलोग्राम अवैध कोयला बरामद हुआ। मामले में एमएमडीआर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं कोल डंप क्षेत्र से दो साइकिल और करीब 120 किलोग्राम कोयला बरामद किया गया। प्लासिया और केथरडीह वन क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान करीब दो टन अवैध कोयला जब्त किया गया।

भुटु बाबू बंगला भू-धंसान पर भी निगरानी

CISF ने भुटु बाबू बंगला भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र की स्थिति की भी जानकारी दी। 11 सितंबर को महाप्रबंधक (सुरक्षा), सुरक्षा सलाहकार और एरिया कमांडर ने AKWMC कोलियरी के सिम-3 बंद भूमिगत माइंस और भू-धंसान क्षेत्र का निरीक्षण किया था। असुरक्षित क्षेत्र के कारण लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध नहीं होने पर नीचे से OB डालकर रैट-होल भरने का निर्णय लिया गया। 12 सितंबर को विभागीय माइंस से निकाले गए OB से रैट-होल भरने का कार्य किया गया। वहीं, 13 सितंबर को भुटु बाबू बंगला क्षेत्र में दोबारा भू-धंसान की सूचना के बाद कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई। क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

रामकनाली में कथित अवैध खनन की शिकायत

CISF ने 11 सितंबर को रामकनाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर AMPL Mines के कांटापहाड़ी पैच में कथित अवैध कोयला उत्खनन और उत्खनित कोयले के अवैध भंडारण की शिकायत की है। CISF के अनुसार उक्त क्षेत्र BCCL के खनन क्षेत्र में आता है और DGMS द्वारा खनन के लिए असुरक्षित घोषित किया जा चुका है।

158 कोयला लदे वाहनों की जांच

कोयला परिवहन पर निगरानी के तहत प्रमुख चेकपोस्ट, रेलवे साइडिंग, कोल डंप और परिवहन मार्गों पर वाहन जांच की गई। इस दौरान 158 कोयला लदे वाहनों की जांच तथा 130 वाहनों का M-Parivahan ऐप से सत्यापन किया गया। CISF के अनुसार जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि या दस्तावेजी विसंगति नहीं मिली।

इसके अलावा जहाजटांड़ बस्ती और लायकडीह वाशरी गेट के सामने चल रहे धरना-प्रदर्शन को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। CISF ने कहा कि अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ ड्रोन सर्विलांस, क्यूआरटी सघन गश्त, वाहन जांच और सूचना आधारित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।