‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : आध्यात्मिक गुरु बाबा नीम करौली के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म लक्ष्मीनारायण की कहानी है, जो अपनी मां की मृत्यु के बाद ईश्वर की तलाश में आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है। फिल्म के कारोबार पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म की कुल कमाई 253.55 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि इसकी नेट कमाई 214.63 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।

महज दो करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म सात अगस्त को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआत में फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत मिली और पहले दो हफ्तों तक कमाई कम रही। फिर दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद फिल्म की कमाई में तेजी आई। फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। इसमें विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी नजर आए हैं।

बाबा नीम करौली का जन्म करीब 1900 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के एक गांव में हुआ था और 1973 में उन्होंने अंतिम श्वांस ली थी। उनका कम उम्र में विवाह हुआ था और बाद में वह साधु बन गए थे। उनके अनुयायियों में जूलिया रॉबर्ट्स, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसी चर्चित हस्तियां शामिल हैं। कहा जाता है कि स्टीव जॉब्स और मार्क जुकरबर्ग भी उत्तराखंड स्थित कैंची धाम आश्रम गए थे। फिल्म की शुरुआत 250 पर्दों पर हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर मिली सफलता के बाद अब यह संख्या बढ़कर 2,000 स्क्रीन तक पहुंच गई है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।