- मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में तीन मॉड्यूलर ओटी के निर्माण की निविदा में अनियमितता का आरोप, विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण
रांची : मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (सदर), पलामू में तीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के निर्माण के लिए ऑफलाइन निविदा निकाले जाने के मामले में भवन निर्माण विभाग ने डालटनगंज भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता महेंद्र राम से स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग के विशेष सचिव विधान चंद्र चौधरी ने 13 सितंबर को पत्र जारी कर 48 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है।
सोशल मीडिया और यू-ट्यूब चैनलों पर प्रसारित खबरों में आरोप लगाया गया था कि तीन मॉड्यूलर ओटी के निर्माण के लिए प्रति यूनिट 70.41 लाख रुपये की दर से कुल 2.11 करोड़ रुपये की निविदा ऑफलाइन आमंत्रित की गयी और इसमें अनियमितता बरती गयी। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक अभियंता से जवाब तलब किया है।
विभाग के अनुसार 19 नवंबर 2020 के कार्यालय आदेश के तहत 50 लाख रुपये से अधिक की सभी निविदाओं को ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली के माध्यम से निष्पादित किया जाना है। यह योजना भवन निर्माण विभाग से स्वीकृत या संबंधित नहीं थी, बल्कि जिला स्तर पर महेंद्र राम को इसके क्रियान्वयन के लिए कार्य एजेंसी बनाया गया था।
स्पष्टीकरण पत्र में कहा गया है कि कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग के अधीन पदस्थापित हैं, इसलिए जिला स्तर पर स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में भी विभागीय नियमों का पालन अपेक्षित है। इसके बावजूद संबंधित आदेश की अनदेखी कर ऑफलाइन निविदा आमंत्रित करना कर्तव्य के प्रति लापरवाही और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है। विभाग ने कहा है कि इस कार्रवाई से विभाग की छवि भी धूमिल हुई है।
महेंद्र राम से पूछा गया है कि उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनिक कार्रवाई क्यों नहीं की जाये। उन्हें 48 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया है।

