मनु भाकर और तूर एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नागोया : दो ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और शॉटपुट में गत चैम्पियन तेजिंदर पाल सिंह तूर को शुक्रवार को एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह के लिये भारत का ध्वजवाहक चुना गया । समारोह शनिवार को होना है । भारत के अभियान प्रमुख सहदेव यादव ने कहा ,‘‘ मनु भाकर एक ध्वजवाहक होंगी ।’’ बाद में भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने पुष्टि की कि तूर दूसरे ध्वजवाहक होंगे ।

भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में दो पदक जीते और वह एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली खिलाड़ी बन गई थी। तूर ने पिछले दो एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते हैं । भाकर और तूर को भारतीय दल का ध्वजवाहक चुना जाना अपेक्षित था क्योंकि एशियाई खेलों में भारत के कुल पदकों में निशानेबाजी और एथलेटिक्स का बड़ा योगदान रहता है।
चीन के हांगझोउ में हुए पिछले एशियाई खेलों (2023) में एथलेटिक्स ने भारत को 29 पदक (छह स्वर्ण, 14 रजत और नौ कांस्य) दिलाए थे, जबकि निशानेबाजी से भारत की झोली में 22 पदक (सात स्वर्ण, नौ रजत और छह कांस्य) आए थे।

भारत ने पिछले एशियाई खेलों में रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे, जिनमें 28 स्वर्ण पदक शामिल थे। तूर तोक्यो के पास स्थित त्सुकुबा विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण ले रहे हैं। भारतीय एथलेटिक्स दल के 74 सदस्य परिस्थितियों के अनुकूल ढलने के लिए जापान में शिविर के लिए देश से जल्दी रवाना हो गए थे। भारतीय दल सोमवार को नागोया पहुंचेगा, लेकिन उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने के लिए तूर शनिवार को ही यहां पहुंच जाएंगे। तूर ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की ओर से जारी वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मुझे गर्व है कि मैं भारतीय दल के ध्वजवाहकों में से एक रहूंगा। हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह अपने देश का ध्वजवाहक बने। यह सम्मान देने के लिए मैं आईओए का धन्यवाद करता हूं।’’
उन्होंने कहा, “यह मेरे जीवन का बेहद खास पल है कि मैं ओलंपिक पदक विजेता (मनु भाकर) के साथ भारतीय दल का ध्वजवाहक बनने जा रहा हूं।”

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।