दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में गोलीबारी के मामले में चार आरोपी पकड़े, दो पिस्तौल बरामद

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के जाफरपुर कलां में युवक पर गोलीबारी और मारपीट मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर दो पिस्तौल और कारतूस बरामद किए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में 34 वर्षीय एक युवक से मारपीट और गोलीबारी के मामले में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है तथा उनके पास से दो पिस्तौल व चार कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना 12 सितंबर को जाफरपुर कलां इलाके में हुई, जहां आरोपियों ने सुमित उर्फ मोनू को रास्ते में रोककर उससे मारपीट की और कई गोलियां मारीं। आरोपियों ने उसे बेहद करीब से गोली मारने की भी कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक, वारदात की जड़ में एक वॉइस मैसेज था जो कथित तौर पर आरोपी जतिन उर्फ लाला (26) को मिला था। इस वॉइस मैसेज में
सुमित ने कथित तौर पर जतिन को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।

इसके बाद जतिन ने राहुल डागर के घर से हथियार लिए और सुमित के घर पहुंच गया।

पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान सुमित की पत्नी निशा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर उससे भी मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई।

उसने बताया कि चारों आरोपियों राहुल डागर उर्फ काला (28), यश उर्फ सोनू (19), जतिन उर्फ लाला (26) और साहिल उर्फ छोटे (24) को 16 सितंबर को मित्राऊं गांव के पास से पकड़ा गया।

पुलिस ने कहा कि उनके कब्जे से दो पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए गए हैं।

जाफरपुर कलां थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए तकनीकी और खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया गया, जिसके आधार पर हरियाणा के झज्जर, रोहतक और बहादुरगढ़ में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई।

पुलिस के अनुसार, गोलीबारी के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए तीनों इलाकों में अलग-अलग जगहों पर छिपे रहे।

उसने बताया कि राहुल के खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम सहित पांच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि यश के खिलाफ जहांगीरपुरी थाने में एक मामला दर्ज है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।