फाजिल्का: केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ ‘‘प्रदेश को बचाने के लिए सामाजिक सुधार कार्यक्रम’’ है और इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
पंजाब के फाजिल्का पहुंचे मेघवाल ने राज्य में भाजपा की चार प्रदेशव्यापी नशा विरोधी यात्राओं में से तीसरी यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पठानकोट से पहली यात्रा की शुरुआत की थी, जबकि दूसरी यात्रा को शनिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फतेहगढ़ साहिब से रवाना किया।
कानून एवं न्याय राज्य मंत्री मेघवाल ने यात्रा की शुरुआत से पहले फाजिल्का स्थित आसफवाला युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह बादल भी मौजूद थे।
मेघवाल ने फाजिल्का में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की नशा विरोधी यात्राएं कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं हैं।
मेघवाल ने कहा, ‘‘कुछ लोग आज के कार्यक्रम को राजनीतिक चश्मे से देख रहे हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए। यह सामाजिक सुधार का कार्यक्रम है। यह पंजाब और उसकी आने वाली पीढ़ी को बचाने का कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य एक विकसित पंजाब बनाना है।’’
उन्होंने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने ‘‘पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।’’
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘जब पुलिस नशे के कारोबार में शामिल हो जाए और उसे बढ़ावा देने लगे तो समझ लें कि कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है।’’


