भारत की खुफिया व्यवस्था के इतिहास में अहम भूमिका निभाने वाले आर. एन. काओ की कहानी अब फिल्म के जरिए दर्शकों तक पहुंचने वाली है. करण जौहर ने अपनी नई फिल्म का ऐलान किया है, जो R&AW यानी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग के संस्थापक और पहले प्रमुख रमेश्वर नाथ काओ के जीवन और उनके काम पर आधारित होगी.
58वीं वर्षगांठ पर सामने आया प्रोजेक्ट
इस फिल्म की घोषणा R&AW की 58वीं वर्षगांठ के मौके पर की गई है. खास बात यह है कि करण जौहर ने इस प्रोजेक्ट के बारे में पहली बार साल 2020 में जानकारी दी थी. करीब छह साल बाद यह कहानी एक बार फिर चर्चा में आ गई है. करण जौहर ने फिल्म की घोषणा करते हुए लिखा, “He built the invisible…but history remembers his impact.”
1955 से 1971 तक की कहानी होगी केंद्र में
फिल्म में आर. एन. काओ के करियर और उन घटनाओं को दिखाया जाएगा, जिनके बीच भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी R&AW की स्थापना हुई. कहानी में 1955 से 1971 के बीच का दौर प्रमुख रूप से शामिल होने की उम्मीद है. 1971 के युद्ध के दौरान R&AW के शुरुआती मिशन को भी कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है.
नितिन गोखले की किताब से ली गई है कहानी
यह फिल्म लेखक नितिन गोखले की किताब ‘R.N. Kao: Gentleman Spymaster’ पर आधारित होगी. किताब के जरिए काओ के काम, रणनीति और उस दौर की खुफिया गतिविधियों से जुड़े घटनाक्रम को समझने का आधार मिलता है. फिल्म में इसी दौर को सिनेमाई अंदाज में पेश किया जाएगा.
फिल्म का नाम और कास्ट अभी नहीं हुआ तय
फिलहाल फिल्म का आधिकारिक नाम सामने नहीं आया है. इसके अलावा कलाकारों, निर्देशक और अन्य क्रिएटिव टीम से जुड़ी जानकारी का भी खुलासा नहीं किया गया है. ऐसे में फिल्म में आर. एन. काओ का किरदार कौन निभाएगा, इसे लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है.
11 अगस्त 2028 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म का निर्माण Dharma Productions और Leo Media Collective कर रहे हैं. इसे 11 अगस्त 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. रिलीज के लिए स्वतंत्रता दिवस वाले वीकेंड का समय चुना गया है, जिससे फिल्म की कहानी और रिलीज डेट दोनों इसे खास बनाते हैं.


