श्रद्धा कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ईठा’ की रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. फिल्म अब 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. अक्षय कुमार की आगामी कॉमेडी फिल्म के इस तारीख से हटने के बाद फिलहाल ‘ईठा’ के लिए रिलीज डेट पर कोई सीधा मुकाबला नहीं दिख रहा है.

अक्षय कुमार की फिल्म ने बदली रिलीज प्लानिंग
अक्षय कुमार, विद्या बालन और राशि खन्ना स्टारर फिल्म का निर्देशन अनीस बज्मी कर रहे हैं. यह फिल्म पहले 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन ताजा रिपोर्ट के मुताबिक मेकर्स ने अब इस तारीख पर फिल्म रिलीज नहीं करने का फैसला किया है. फिल्म के नवंबर के दूसरे हिस्से में आने की संभावना जताई जा रही है. अगर काम समय पर पूरा नहीं हुआ, तो इसे 2027 तक भी टाला जा सकता है.
विठाबाई नारायणगांवकर के किरदार में श्रद्धा
‘ईठा’ में श्रद्धा कपूर एक बेहद खास और चुनौतीपूर्ण किरदार निभा रही हैं. वह फिल्म में मशहूर मराठी तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका में नजर आएंगी. फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उटेकर कर रहे हैं. फिल्म में श्रद्धा के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
कहानी को लेकर बनी है उत्सुकता
विठाबाई नारायणगांवकर मराठी लोककला और तमाशा की दुनिया का जाना-पहचाना नाम रही हैं. ऐसे में उनके जीवन से प्रेरित कहानी में श्रद्धा कपूर को देखना दर्शकों के लिए दिलचस्प होगा. फिल्म में उनके अभिनय के साथ-साथ मराठी तमाशा कला की दुनिया को भी बड़े पर्दे पर दिखाए जाने की उम्मीद है.
‘फौजी’ की रिलीज पर भी सस्पेंस
दिसंबर की शुरुआत में प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ के आने की भी चर्चा थी. हालांकि, हालिया ट्रेड रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह फिल्म भी 2027 तक आगे खिसक सकती है. ऐसे में 4 दिसंबर 2026 की रिलीज डेट फिलहाल ‘ईठा’ के लिए साफ नजर आ रही है. हालांकि, अंतिम फैसला आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा.


