कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 299 अंक चढ़ा

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई : कच्चे तेल के दाम में नरमी के साथ घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को तेजी आई और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 299 अंक चढ़ गया। वहीं एनएसई निफ्टी 23,400 अंक के पार पहुंच गया। विश्लेषकों के अनुसार, कच्चे तेल के दाम में नरमी के अलावा पश्चिम एशिया में संकट कम होने की उम्मीद से भी बाजार को समर्थन मिला। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 299.17 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,828.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 444.66 अंक चढ़कर 74,973.74 अंक तक पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 117.80 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,446.80 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड और लार्सन एंड टुब्रो में प्रमुख रूप से तेजी रही। वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में एचसीएलटेक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत बढ़कर 99.60 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की संभावनाओं के संकेतों के बीच निवेशकों ने लिवाली की। इससे घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने की उम्मीद और अमेरिकी तेल मानक वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) के 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने से भी निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।’’

उन्होंने कहा कि एशियाई विकास बैंक द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर सात प्रतिशत किए जाने से भी धारणा मजबूत हुई। पोनमुडी ने कहा, ‘‘बेहतर वैश्विक माहौल, तेल कीमतों में नरमी और घरेलू आर्थिक वृद्धि के मजबूत अनुमान से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और उन्होंने बड़ी कंपनियों के अलावा अन्य शेयरों में भी लिवाली की।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में, जबकि चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। जापान के बाजार अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोप के बाजारों में दोपहर कारोबार में ज्यादातर में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 3,809.99 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
सेंसेक्स मंगलवार को 329.91 अंक टूटकर 74,529.08 अंक और निफ्टी 85.30 अंक की गिरावट के साथ 23,329 अंक पर बंद हुआ था।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।