मंदिर परिसर में किशोरी से बलात्कार के आरोप में सफाई कर्मचारी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में मंदिर परिसर में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने 22 वर्षीय सफाईकर्मी सतेंद्र को गिरफ्तार किया है। घटना का खुलासा करने पर पीड़िता को धमकी देने का आरोप भी लगा है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुजफ्फरनगर (उप्र): जिले के एक मंदिर परिसर के अंदर 16 वर्षीय लड़की से कथित रूप से बलात्कार करने और घटना का खुलासा करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने के आरोप में 22 वर्षीय एक सफाईकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी की मदद करने के आरोप में एक किशोर को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है। कोतवाली थानाध्यक्ष बृजेश कुमार के अनुसार, आरोपी सतेंद्र कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (बलात्कार) और 351 (आपराधिक धमकी) तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि कथित घटना 29 सितंबर को कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के गौशाला रोड इलाके में स्थित मंदिर परिसर के एक कमरे में हुई थी। लड़की के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, नाबालिग को एक किशोर ने मंदिर बुलाया था, जहां सतेंद्र ने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “एक नाबालिग, जिसने कथित तौर पर आरोपी की मदद की थी, उसे भी पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है।” पुलिस ने बताया कि इससे संबंधित ही एक अन्य मामले में तीन लोगों पर सतेंद्र के साथ मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि इन्होंने 29 सितंबर को मंदिर के कमरे में सतेंद्र को एक लड़की के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाया था और उसके साथ मारपीट की थी। पुलिस ने बताया कि तीनों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।