रांची: महात्मा गांधी जयंती सह स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर शुक्रवार 2 अक्टूबर को रांची नगर निगम परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महापौर रोशनी खलखो ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वार्डों में निष्ठापूर्वक उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 सफाईमित्रों को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार और नगर आयुक्त सुशांत गौरव द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि जनभागीदारी के जरिए इसे अपनी जीवनशैली बनाने का एक संकल्प है। एक स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम के अकेले प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घर, आसपास के वातावरण और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखें तथा कचरे का सही तरीके से निस्तारण करें।
वहीं, उप महापौर नीरज कुमार ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए कहा कि नागरिक अपने व्यवहार में छोटे-छोटे बदलाव लाकर शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं। इस अवसर पर रांची को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार और उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार समेत नगर निगम के कई अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।


