धनबाद : जिले के गोल्फ ग्राउंड में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की ओर से चौपाल सभा का आयोजन शुक्रवार को किया गया। सभा में छात्रों, छात्राओं और महिलाओं की समस्याओं के साथ स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की गई। महिला सुरक्षा, छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याएं, सड़क और बस व्यवस्था के अलावा वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी वक्ताओं ने अपनी बात रखी। आयोजकों ने कहा कि छात्रों और आम लोगों की समस्याओं को सार्वजनिक मंच पर सामने लाने और उनके समाधान को लेकर लगातार संवाद और जनसुनवाई की जरूरत है।

सभा के दौरान छात्राओं और महिलाओं से विशेष रूप से भागीदारी की अपील की गई। AISA के झारखंड राज्य सह सचिव रितेश मिश्रा ने कहा कि चौपाल का उद्देश्य स्थानीय समस्याओं पर खुली बातचीत और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के समापन के दौरान गोल्फ ग्राउंड से सत्याग्रह मार्च निकाला गया, जो रणधीर वर्मा चौक पहुंचा। यहां प्रदर्शन कर जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में “ज्ञानेश वापस जाओ” के नारे लगाए गए। कार्यक्रम में झारखंड राज्य सह सचिव रितेश मिश्रा, राज्य उपाध्यक्ष स्नेहा कुमारी, आतिफ इमाम, अभिषेक चेतन, इंद्रजीत, तनवीर, वर्षा, पल्लवी, अंजलि और उमा-पार्वती समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


