रांची : खिजरी विधानसभा क्षेत्र के महिलौंग में भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा शामिल हुए। इस दौरान जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य और पोषण की व्यवस्था संभालने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और सहिया दीदियों को उनके उत्कृष्ट सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उपस्थित बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण कर उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है और आंगनवाड़ी व सहिया कार्यकर्ता इस संकल्प की अग्रिम पंक्ति में खड़ी हैं। वे मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-घर तक पहुंचाने वाली सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने माताओं और बच्चों से सीधा संवाद कर स्वास्थ्य, स्वच्छता और समग्र विकास के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धीरज महतो, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


