निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों के मार्च को रोका गया, संसद मार्ग पर धरने पर बैठे

विपक्षी सांसदों ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के खिलाफ निर्वाचन सदन की ओर मार्च किया, पुलिस ने रोका तो संसद मार्ग पर धरने पर बैठ गए।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों का चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग के मुख्यालय ‘निर्वाचन सदन’ की ओर निकाला गया मार्च संसद मार्ग पर रोक दिया गया, जिसके बाद विपक्षी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए।

विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने की मांग कर रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी समेत विपक्षी दलों के कई नेता और सांसद इस मार्च में शामिल हैं।

विपक्षी सांसद संसद के मकर द्वार के निकट एकत्र होने के बाद निर्वाचन सदन की ओर रवाना हुए थे। हालांकि, संसद मार्ग पर नीति आयोग और आकाशवाणी भवन के सामने पुलिस ने अवरोधक लगाकर मार्च रोक दिया।
इसके बाद विपक्षी सांसद सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
उन्होंने मोदी सरकार और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए।
कुछ सांसद ज्ञानेश कुमार का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का गणवेष पहने कटआउट लेकर पहुंचे थे।
विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर निर्वाचन आयोग तथा केंद्र सरकार से जवाब मांगा जाना जरूरी है। साथ ही विपक्ष ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और एसआईआर को रद्द करने की मांग कर रहा है। विपक्षी दलों के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत यह मार्च निकाला गया।

Share This Article