रांची: सिरमटोली चौक स्थित ‘डिवाइन हॉस्पिटल’ अब एक नए स्वरूप और पहचान के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। इस प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान का नाम बदलकर अब ‘डॉ जे शरण सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल’ कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार अस्पताल अब डॉ जे शरण के परिजनों ने खरीद लिया है। हालांकि अस्पताल के डॉ. देवनीश खेस ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान का नया नामकरण और इसका संचालन मिलकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य मरीजों को एक ही छत के नीचे और अधिक बेहतर, आधुनिक तथा गुणवत्तापूर्ण सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इस बदलाव के साथ ही अस्पताल प्रशासन अपनी चिकित्सा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत, दक्ष और सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज में सहूलियत मिल सके। साथ ही बताया कि इस अस्पताल में एक ही छत के नीचे मरीज को सारी सुविधा मिलेगी।


