विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों से इंडिगो ने बढ़ाया फ्यूल चार्ज, हवाई सफर 10,000 रुपये तक महंगा

एटीएफ की बढ़ती कीमतों के बीच इंडिगो ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया, रांची से दिल्ली, मुंबई समेत प्रमुख शहरों की उड़ानों पर यात्रियों को 375 से 900 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: विमान ईंधन यानी एटीएफ (ATF) की बढ़ती कीमतों के बीच देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल अधिभार (फ्यूल सरचार्ज) बढ़ाने की घोषणा की है। एयरलाइन द्वारा लागू नया शुल्क दूरी के आधार पर तय किया गया है। घरेलू उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज में 100 रुपये से लेकर 350 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जिसके तहत 500 किमी तक की दूरी पर 375 रुपये, 501 से 1,000 किमी पर 600 रुपये, 1,001 से 1,500 किमी पर 900 रुपये, 1,501 से 2,000 किमी पर 1,150 रुपये और 2,000 किमी से अधिक दूरी की उड़ानों पर 1,300 रुपये का अतिरिक्त प्रभार लगेगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए गंतव्य के अनुसार फ्यूल सरचार्ज 1,000 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक बढ़ाया गया है, जिसमें सार्क क्षेत्रों के लिए 1,000 से 3,000 रुपये, दक्षिण-पूर्व एशिया व पश्चिम एशिया के लिए 5,500 रुपये, अफ्रीका के लिए 6,000 रुपये और यूरोप की उड़ानों पर सबसे अधिक 10,000 रुपये का अतिरिक्त शुल्क शामिल है।

ईंधन अधिभार में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर रांची से उड़ान भरने वाले यात्रियों की जेब पर भी पड़ेगा, जहां से दूरी के हिसाब से प्रति टिकट 375 रुपये से लेकर 900 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना होगा। रांची से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों की उड़ानों पर प्रति टिकट 900 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। हैदराबाद की उड़ान पर 600 रुपये तथा पटना, कोलकाता और भुवनेश्वर की उड़ानों के लिए यात्रियों को 375 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इंडिगो का कहना है कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एटीएफ की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी से परिचालन लागत बढ़ी है, और इसी लागत के प्रभाव को संतुलित करने के लिए सीमित शुल्क वृद्धि का निर्णय लिया गया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।