रांची: झारखंड सरकार की बुधवार को होने वाली कैबिनेट बैठक स्थगित कर दी गई है। बैठक दोपहर 3 बजे प्रस्तावित थी। ये बैठक करीब 40 दिनों के बाद होने वाली थी। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत खराब होने के कारण बैठक टाल दी गई है। इस बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी। साथ ही कई प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की भी संभावना थी। लेकिन बैठक स्थगित होने के बाद अब इन प्रस्तावों पर चर्चा और फैसला नई तारीख तय होने के बाद ही हो सकेगा।

सरकार की ओर से फिलहाल बैठक स्थगित किए जाने के कारणों और अगली कैबिनेट बैठक की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर नई तारीख पर है, ताकि लंबित प्रस्तावों पर सरकार आगे निर्णय ले सके। बता दें कि इससे पहले 25 सितंबर को प्रस्तावित कैबिनेट की बैठक भी स्थगित कर दी गई थी।


