जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के लिए गर्व की खबर है। संस्थान के आठ प्रोफेसरों को दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि संस्थान के शोध और वैज्ञानिक नवाचार के क्षेत्र में बढ़ते योगदान को दर्शाती है। इस सूची में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. संजय और प्रो. सतीश कुमार, रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. बलराम अंबाडे, गणित विभाग के डॉ. सुनील कुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. सुरजीत कुंडू और डॉ. अजय कुमार तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. वीरप्रताप मीणा और डॉ. सूर्य प्रकाश शामिल हैं।

इन वैज्ञानिकों का शोध गणितीय मॉडलिंग, डेटा विश्लेषण, पदार्थ विज्ञान, थर्मल इंजीनियरिंग और रासायनिक विज्ञान जैसे क्षेत्रों में फैला है। संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधर ने इस उपलब्धि पर सभी प्रोफेसरों को बधाई दी। यह सफलता जमशेदपुर के लिए गौरव का विषय है और युवा शोधकर्ताओं को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।


