जमशेदपुर : खासमहल स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में झारखंड का पहला ग्रेन एटीएम यानी अन्नपूर्ति एटीएम स्थापित किया गया है। शुक्रवार को मशीन से अनाज निकालने और वजन जांचने का ट्रायल सफल रहा। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुर्गा पूजा के बाद इसके उद्घाटन की तैयारी है।

इस मशीन से राशन लेने के लिए लाभुकों को अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज कर बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाना होगा। सत्यापन के बाद गेहूं या चावल का विकल्प चुनते ही निर्धारित मात्रा में अनाज मिल सकेगा। पूरी प्रक्रिया में करीब 10 से 15 मिनट लगने का अनुमान है।
खास बात: जिले के किसी भी क्षेत्र के पात्र राशन कार्डधारक यहां से राशन ले सकेंगे। इस पहल से समय की बचत और राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।


