वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार के लिए उनके नाम पर विचार नहीं किए जाने को लेकर नॉर्वे पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि उन्होंने जितने युद्ध रुकवाए हैं, उसके हिसाब से उन्हें आठ बार नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि सिर्फ सात महीनों में, मैंने सात अंतहीन युद्धों को समाप्त कर दिया है। इसमें कुछ 31 साल से चल रहे थे, एक 36 साल से। मैंने सात युद्ध समाप्त किए। सभी युद्ध अनगिनत लोंगों की जान लेने के साथ भीषण रूप से चल रहे थे।

ट्रंप ने उन युद्ध विरामों का जिक्र किया, जो उनके कार्यकाल में समाप्त हुए। उन्होंने कंबोडिया और थाईलैंड, सर्बिया, कांगो और रवांडा, पाकिस्तान और भारत, इज़राइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, और आर्मेनिया और अज़रबैजान का हवाला दिया। ट्रंप ने कहा कि हम शांति समझौते कर रहे हैं और युद्ध रोक रहे हैं। इसलिए हमने भारत और पाकिस्तान, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध रोके।
यही नहीं ट्रंप ने जोर देकर कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धों सहित “युद्धों को रोकने” में भूमिका निभाई है, उन्होंने कहा, “भारत और पाकिस्तान के बारे में सोचिए। उसके बारे में सोचिए। आप जानते हैं कि मैंने इसे कैसे रोका – व्यापार के ज़रिए। वे व्यापार करना चाहते हैं। और मैं दोनों नेताओं का बहुत सम्मान करता हूं।


