कनाडाई कवि और निबंधकार ऐनी कार्सन को दिया जाएगा इस साल का साहित्य का नोबेल पुरस्कार

कनाडाई कवि और निबंधकार ऐनी कार्सन को 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार मिला। स्वीडिश अकादमी ने उनकी साहसी, अभिनव और शास्त्रीय परंपरा से संवाद करती रचनाओं को सम्मानित किया।

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

स्टॉकहोम : कनाडाई कवि और निबंधकार ऐनी कार्सन को इस साल के साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। स्टॉकहोम में स्वीडिश अकादमी ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की। नोबेल समिति के अनुसार, उन्हें यह पुरस्कार ‘‘उनकी साहसी और अभिनव रचनाओं के लिए दिया जाएगा, जो शास्त्रीय परंपरा के साथ चंचल संवाद में समकालीन साहित्य के लिए नए रूपों का सृजन करती हैं।’’

स्वीडिश अकादमी की स्थायी सचिव इंग्रिड कार्लबर्ग ने बताया कि जब अकादमी ने उन्हें नोबेल साहित्य पुरस्कार विजेता बनने की सूचना देने के लिए संपर्क किया, तो लेखिका आइसलैंड में ‘‘हवा की सुगबुगाहट सुन रही थीं’’। कार्लबर्ग ने कहा, ‘‘वह बहुत आश्चर्यचकित थीं।’’ टोरंटो में जन्मी 76 वर्षीय कार्सन प्राचीन यूनानी और रोमन साहित्य के विषयों और कहानियों को अपनी रचनाओं का आधार बनाती हैं, जो अक्सर कविता, निबंध और कथा साहित्य के तत्वों का मिश्रण होती हैं।

उनकी पुस्तकों में प्राचीन यूनानी साहित्य में इच्छा के सुख और दर्द पर आधारित नजरिया प्रस्तुत करने वाली ‘इरोज द बिटरस्वीट’, छंदबद्ध उपन्यास ‘ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड’, कविता और गद्य का संग्रह ‘मेन इन द ऑफ ऑवर्स’ (जिसने 2001 में कनाडा का प्रतिष्ठित ग्रिफिन पोएट्री प्राइज जीता था), और मर्लिन मुनरो तथा ट्रॉय की हेलेन की तुलना करने वाली कृति ‘‘नॉर्मा जीन बेकर ऑफ ट्रॉय’’ शामिल हैं।

कार्सन ने शास्त्रीय यूनानी साहित्य की ऐसी कृतियों का अनुवाद भी किया है, जिन्हें स्वीडिश अकादमी के अनुसार ‘‘स्वयं में उनकी स्वतंत्र कृतियां माना जा सकता है।’’ साहित्य समिति के अध्यक्ष एंडर्स ओल्सन ने कहा, ‘‘उनकी लगभग पूरी साहित्यिक रचना, शब्दों के प्रति भाषाशास्त्री के जुनून और नए अर्थ के लिए कवि की तड़प के बीच के संगम पर केंद्रित रही है।’’ कार्सन ने कई उत्तर अमेरिकी विश्वविद्यालयों में क्लासिक्स (शास्त्रीय साहित्य) पढ़ाया है और वह आइसलैंड में रह चुकी हैं, जहां उन्हें और उनके पति रॉबर्ट क्यूरी को 2022 में नागरिकता प्रदान की गई थी।

इस पुरस्कार की घोषणा स्टॉकहोम में स्वीडिश अकादमी द्वारा की गई। एसोसिएटेड प्रेस द्वारा कार्सन की साहित्यिक एजेंट निकोल अरागी तक पहुंचने के प्रयास तत्काल सफल नहीं हो सके। पिछले साल, हंगरी के लेखक लास्लो क्रास्नाहोरकाई ने साहित्य का नोबेल पुरस्कार जीता था। इस साल के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की शुरुआत सोमवार हुई। चिकित्सा क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार सोमवार को कार्ल डीसेरोथ, पीटर हेगेमन और जॉर्ज नागेल को देने की घोषणा की गई, जिन्होंने इस बात पर अनुसंधान किया है कि मस्तिष्क व्यक्तिगत तंत्रिका कोशिकाओं (नर्व सेल्स) की गतिविधियों को चालू या बंद करने के लिए किन प्रणालियों का उपयोग करता है।

मंगलवार को भौतिकी के नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गई। बेल्जियम में जन्मे वैज्ञानिक फ्रांसिस हैल्जेन को ‘न्यूट्रिनो’ के एक दुर्लभ समूह से जुड़े रहस्य सुलझाने के उनके प्रयास के लिए 2026 के भौतिकी के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है। हेनरी बी कागन और केंसो सोआई को रासायनिक अणुओं में रहस्यमयी दर्पण छवियों (मिरर इमेज) को सुलझाने के उनके प्रयासों के लिए इस वर्ष का रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा बुधवार को की गई। शुक्रवार को नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद अर्थशास्त्र में नोबेल स्मृति पुरस्कार के विजेता का नाम सोमवार को घोषित किया जाएगा।
इस साल पुरस्कार की राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (लगभग 12 लाख अमेरिकी डॉलर) है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।